दर्दनाक हादसा: सेल्फी लेते समय डिग्गी में गिरा मासूम, बचाने कूदी मां; डूबने से दोनों की मौत

बाड़मेर। जिले के सदर थाना क्षेत्र के बानो की बेरी दूध गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मां-बेटे की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 7 वर्षीय मासूम डिग्गी के पास सेल्फी लेते समय अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में गिर गया था। उसे डूबता देख मां ने भी पानी में छलांग लगा दी। डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डिग्गी से दोनों के शवों को बाहर निकाला।
सदर थाना अधिकारी करतार सिंह के अनुसार मृतका जीयो देवी (30) पत्नी गोसाईराम अपने 7 साल के बेटे हितेश के साथ घर के पास बनी पानी की डिग्गी के पास सेल्फी ले रही थी। पहले दोनों ने साथ में कुछ तस्वीरें खींचीं। इसके बाद जब वह अकेले सेल्फी लेने के लिए बेटे को नीचे उतार रही थी, तभी अचानक मासूम हितेश का पैर फिसल गया और वह सीधे डिग्गी में जा गिरा।
बेटे को डूबता देख जीयो देवी तुरंत उसे बचाने के लिए डिग्गी में कूद गई, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।
मृतका के भाई जालाराम ने बताया कि जीयो देवी तीन दिन पहले अपने बेटे के साथ पीहर आई थी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे और घर पर केवल मां-बेटा ही मौजूद थे।
सुबह करीब 10:30 बजे चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू के लिए जेसीबी की मदद से डिग्गी की एक दीवार तोड़कर पानी निकाला गया। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम के संयुक्त प्रयास से करीब तीन घंटे बाद दोपहर 1:30 बजे मां-बेटे के शवों को डिग्गी से बाहर निकाला जा सका।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।