Road Accident: बारात से लौट रही जीप पलटी, महिला समेत दो की मौत, चार अन्य घायल

सिरोही। जिले के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नितोडा रोड पर बारात से लौट रही एक कमांडर जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार भारजा गांव से केर गांव गई बारात लौट रही थी। शाम करीब 7 बजे नितोडा रोड पर अचानक जीप का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया।
दुर्घटना में डोली फली, तरंगी निवासी साजकी पत्नी मीनाराम तथा पांवटा फली, भारजा निवासी चिकाराम पुत्र मंछीराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भारजा निवासी मसरु पुत्र रगाजी, हिरकी पत्नी मसरु, पाबू पुत्र लसा और मेगला पुत्र सीना घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्वरूपगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर स्वरूपगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।