Rajasthan Crime: पैसों के विवाद में दोस्त बना कातिल, जीआरपी कांस्टेबल गिरफ्तार; पढ़े खबर

post 792 (1)

चूरू। जिले के सादुलपुर क्षेत्र स्थित पहाड़सर रेलवे स्टेशन के पास तीन दिन पहले मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके परिचित जीआरपी कांस्टेबल ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी।

जीआरपी बीकानेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल यादव ने बताया कि हत्या के आरोप में जीआरपी कांस्टेबल मंजीत यादव और उसके साथी विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार और आरोपियों के कपड़े भी बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक जयप्रकाश और आरोपी मंजीत यादव के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, 15 जून की रात आरोपी जयप्रकाश को अपने साथ कार में बैठाकर ले गए। दोनों आरोपियों ने उसे रातभर विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में घुमाया और बाद में पहाड़सर रेलवे स्टेशन के निकट ले जाकर चलती ट्रेन के सामने धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को हादसा साबित करने के लिए आरोपियों ने इसे रेल दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। घटना के बाद आरोपी मंजीत यादव मृतक के घर पहुंचा और परिजनों से उसके बारे में पूछताछ कर खुद को अनजान दिखाने का प्रयास किया।

मामले का खुलासा मृतक के पुत्र पवन कुमार नायक की शिकायत के बाद हुआ। पवन ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता 15 जून को मंजीत यादव के साथ घर से गए थे और देर रात फोन पर उन्होंने पैसों के हिसाब-किताब के लिए साथ होने की जानकारी दी थी।

पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसमें दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गई हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।