बीकानेर: पीबीएम अस्पताल से बड़ी खबर, किडनी फेलियर एक प्रसूता की मौत, एक अभी भी वेंटिलेटर पर

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में डिलीवरी के बाद किडनी फेल होने के मामले में भर्ती गंभीर प्रसूताओं में से एक महिला की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी प्रसूता अब भी वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल में प्रसव के बाद छह प्रसूताओं की किडनी फेल होने का मामला सामने आया था। इनमें प्रीति और शारदा की हालत सबसे गंभीर बताई गई थी और दोनों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सूरतगढ़ निवासी प्रीति को नागौर से रेफर कर पीबीएम अस्पताल लाया गया था। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर किडनी फेल होने की पुष्टि हुई थी। कई दिनों से वेंटिलेटर पर भर्ती प्रीति ने शुक्रवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं, दूसरी गंभीर प्रसूता शारदा की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज वेंटिलेटर पर जारी है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रभावित छह प्रसूताओं में से एक महिला स्वस्थ होकर घर लौट चुकी है, जबकि शेष चार महिलाओं का उपचार जारी है। महिला की मौत की पुष्टि पीबीएम अस्पताल के चिकित्सकों ने की है।