दर्दनाक हादसा: खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत

अलवर। बड़ौदामेव थाना क्षेत्र के खडेला का बास गांव में शुक्रवार सुबह खेत में सिंचाई कर रहे एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब खेत से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के एक लोहे के पोल की अर्थिंग में अचानक करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से किसान गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोहन (38) पुत्र प्यारेलाल जाटव, निवासी खडेला का बास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मोहन शुक्रवार सुबह करीब सात बजे रोजाना की तरह अपने खेत पर सिंचाई करने गया था। खेत में पानी लगाने के दौरान आसपास की जमीन गीली थी। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन के पोल की अर्थिंग में करंट फैल गया और वह उसकी चपेट में आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मोहन को गंभीर अवस्था में बड़ौदामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई दुलीचंद ने बताया कि करंट का झटका इतना तेज था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही मोहन ने दम तोड़ दिया था।
घटना की सूचना मिलने पर बड़ौदामेव थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।