दर्दनाक हादसा: रॉन्ग साइड से आए कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

झालावाड़। नेशनल हाईवे-52 पर सदर थाना क्षेत्र के हरिपुरा मोड़ के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
सदर थाना के एएसआई गौतम बिश्नोई ने बताया कि रीछवा निवासी 26 वर्षीय कालूलाल पुत्र फूलचंद और 22 वर्षीय रोशन पुत्र देवीलाल आपस में रिश्तेदार हैं। दोनों झालरापाटन में मजदूरी का कार्य करते थे और रोजाना की तरह काम खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
हरिपुरा मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर राहगीरों ने एंबुलेंस और पुलिस को जानकारी दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल एसआरजी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कालूलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोशन को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
कालूलाल की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी सपना चार माह की गर्भवती है, जबकि उसकी तीन वर्षीय बेटी संध्या है। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है।