दर्दनाक हादसा: वन विभाग की जमीन पर बने कुंड में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत

चूरू। शहर की उस्मानाबाद कॉलोनी के निकट वन विभाग की भूमि पर बने एक खुले कुंड में गिरने से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार शाम हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और आपदा प्रबंधन टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बालक को कुंड से बाहर निकालकर डीबी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई मोहसिन ने बताया कि उसका 12 वर्षीय भाई शाहिद बुधवार शाम करीब चार बजे उस्मानाबाद क्षेत्र के बीहड़ इलाके में गया था। खेलते समय वह वहां बने कुंड के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। कुंड पर न तो कोई सुरक्षा जाल लगा था और न ही उसे ढका गया था, जिसके कारण यह हादसा हो गया।
घटना के बाद अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर मामले की जांच शुरू कर दी है।