बीकानेर: कीटनाशक स्प्रे करते समय बिगड़ी किसान की तबीयत, उपचार के दौरान मौत

post 736 (1)

बीकानेर: छतरगढ़ थाना क्षेत्र के चक 5 सीएचडी में बुधवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे 45 वर्षीय किसान अमीर खान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमीर खान सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में फसल पर कीटनाशक स्प्रे कर रहे थे। इसी दौरान तेज हवा चलने से कीटनाशक का असर उन पर हो गया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।

परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए घड़साना के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। करीब दो घंटे तक उपचार चलने के बाद अमीर खान की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर छतरगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।