बीकानेर: लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया जहर देकर हत्या करने का आरोप; मामला दर्ज

post 732 (1)

बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। अभयसिंहपुरा निवासी एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती बेटी की हत्या कर सबूत मिटाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवादी भागूराम मेघवाल ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीडूंगरगढ़ के समक्ष प्रस्तुत इस्तगासे में आरोप लगाया कि उसकी पुत्री कविता का विवाह इंदपालसर हीरावतान निवासी राजूराम के साथ हुआ था, लेकिन बाद में वह उसी गांव के रामावतार नायक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी।

परिवाद के अनुसार कविता गर्भवती थी और इसी बात को लेकर रामावतार तथा उसके परिजन उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।

परिवाद में दावा किया गया है कि 1 जून की सुबह रामावतार के घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं। इस दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से कविता के साथ मारपीट होते देखी। आरोप है कि गर्भ को लेकर हुए विवाद के दौरान कविता के साथ मारपीट की गई और उसके पेट पर लातें मारी गईं, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया।

परिवादी ने आरोप लगाया कि बीकानेर ले जाते समय उसकी पुत्री को जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। साथ ही आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दिए बिना रात के समय शव का अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।

परिवाद में यह भी दावा किया गया है कि मृतका की नाबालिग पुत्री की भी मौत हो गई और उससे जुड़े साक्ष्यों को भी नष्ट कर दिया गया।

भागूराम का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक, बीकानेर को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने पुलिस को प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने हत्या, गर्भवती महिला के साथ अपराध, साक्ष्य नष्ट करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।