बीकानेर: डिग्गी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

post 733 (1)

बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र के चूंटीसरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक के चाचा डूंगरराम पुत्र मोहनराम जाट ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 15 वर्षीय विकास पुत्र किसनाराम जाट 15 जून को खेत पर गया था। इसी दौरान खेत में बनी पानी की डिग्गी के पास उसका पैर फिसल गया, जिससे वह डिग्गी में जा गिरा।

डिग्गी की गहराई अधिक होने के कारण विकास बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसे डिग्गी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

सूचना मिलने पर देशनोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।