राजस्थान: पति और पड़ोसन के बीच अवैध संबंध का था शक, पत्नी ने यूट्यूब पर सीखी तरकीब और 5 साल की मासूम का कर दिया मर्डर

जयपुर। राजधानी जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला को अपने पति और बच्ची की मां के बीच कथित अवैध संबंधों का शक था।
पुलिस के अनुसार, इसी शक के चलते महिला ने पड़ोसन से बदला लेने के उद्देश्य से उसकी मासूम बेटी की हत्या की साजिश रची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला अपनी पड़ोसन को मानसिक पीड़ा पहुंचाना चाहती थी। वारदात वाले दिन बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान महिला उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई।
हत्या करने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने बच्ची के कपड़े उतार दिए और शव को कंबल में लपेटकर घर में रखे बेड के अंदर छिपा दिया।
काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदेह के आधार पर जब आरोपी महिला के घर की तलाशी ली गई तो वहां बेड के अंदर कंबल में लिपटा बच्ची का शव बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला शव को ठिकाने लगाने की तैयारी कर रही थी।
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी महिला गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला ने करीब 3 महीने तक फेसबुक और यूट्यूब देखकर मर्डर करने की तरकीब बनाई। योजना को अंजाम देने के लिए उसने क्राइम सीरियल भी देखा। जब उसने बच्ची की हत्या की तो टीवी की आवाज को भी बढ़ा दिया, ताकि आवाज बाहर तक ना जाए।