बीकानेर में कार-डंपर एक्सीडेंट में घायल बच्ची ने दम तोड़ा, सभी सात लोगों की मौत

बीकानेर में कार-डंपर एक्सीडेंट में घायल बच्ची ने दम तोड़ा, सभी सात लोगों की मौत
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सोमवार (15 जून) को कार-डंपर हादसे में घायल बच्ची ने भी मंगलवार (16 जून) सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कार में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। हादसा होटल नजद सिजराल के पास नेशनल हाईवे-11 पर दोपहर करीब 1:35 बजे हुआ था। एक्सीडेंट में कार के परखच्चे उड़ गए। कार ड्राइव कर रहे रिटायर्ड अकाउंटेंट ओमप्रकाश (60) का शव स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गया था। पत्नी और बेटी सहित 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब ओमप्रकाश के परिवार में एक बेटा और बहू बचे हैं। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना गांव निवासी ओमप्रकाश सुथार (60) अपने परिवार के साथ स्विफ्ट डिजायर कार में मुकाम धाम दर्शन के लिए गए थे। कार में ओमप्रकाश, उनकी पत्नी सोरमा देवी (55), बेटी प्रमिला (30), दोहितियां यशवी (10), खुशी (8) और तन्वी तथा पोता रोनित (4) सवार थे। ओमप्रकाश खुद कार चला रहे थे। ओमप्रकाश 31 मई को फतेहाबाद के डीडीपीओ कार्यालय से सीनियर अकाउंटेंट पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे हर महीने अमावस्या पर मुकाम धाम दर्शन के लिए आते थे। रिटायरमेंट के बाद पहली बार वे परिवार के साथ शनिवार को फतेहाबाद से मुकाम धाम के लिए रवाना हुए और देर रात वहां पहुंचे।