बीकानेर: कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 6 लोगों की मौत, एक बालक घायल

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हेमासर फांटे के पास सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बालक घायल हो गया। हादसा कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में मृत सभी लोगों के शव श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं, जबकि घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।