हनुमानगढ़: अवैध शराब फैक्ट्री के साथ 4 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल का भारी भंडार बरामद, पुलिस-आबकारी विभाग अलर्ट

हनुमानगढ़। जिले की पल्लू तहसील के बिन्झासर गांव में रविवार शाम आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध स्प्रिट के साथ करीब चार हजार लीटर पेट्रोल और डीजल बरामद किया। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और जिला रसद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के निर्देशन में नोहर और हनुमानगढ़ की आबकारी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने केलनिया ग्राम पंचायत के बिन्झासर गांव में रजीराम जाट के घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान टीम को 200 लीटर स्प्रिट से भरा एक ड्रम मिला। वहीं, परिसर में रखे अन्य 10 ड्रमों की जांच करने पर उनमें बड़ी मात्रा में अवैध पेट्रोल और डीजल पाया गया।
मामले की सूचना मिलते ही पल्लू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मकान मालिक रजीराम से पूछताछ की। पूछताछ में उसने दावा किया कि बरामद स्प्रिट और ईंधन का स्टॉक उसका नहीं है, बल्कि यह मेगा हाईवे पर केलनिया और बिसरासर गांव के बीच स्थित भैरू बाबा होटल के संचालक भीम स्वामी का है।
इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने भैरू बाबा होटल पर भी छापा मारा। यहां से भी पेट्रोल और डीजल से भरे कई ड्रम बरामद किए गए। दोनों स्थानों से जब्त ईंधन की कुल मात्रा लगभग चार हजार लीटर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भैरू बाबा होटल का नाम पहले भी अवैध ईंधन कारोबार से जुड़ चुका है। करीब दो वर्ष पूर्व रसद विभाग ने यहां से हजारों लीटर अवैध डीजल जब्त किया था। इसके बावजूद होटल परिसर में कथित रूप से अवैध गतिविधियां जारी रहने के आरोप लगते रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेगा हाईवे स्थित कुछ होटलों में अवैध ईंधन का कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पल्लू थाना प्रभारी सुरेश मील ने बताया कि वृताधिकारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में भैरू बाबा होटल को सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। होटल से आठ ड्रम डीजल, सात ड्रम पेट्रोल, ईंधन मापने के उपकरण, हाथ और बिजली से संचालित पंप सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी भीम स्वामी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आबकारी विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।