राजस्थान में हैरान करने वाली वारदात, कार सवार चोरों ने बकरियों को बनाया निशाना; सामने आया CCTV फुटेज

सीकर। चोरी की घटनाएं अक्सर कीमती सामान या वाहनों की होती हैं, लेकिन सीकर जिले के लोसल कस्बे से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने घर के बाहर घूम रही दो बकरियों को ही निशाना बना लिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली कार में सवार होकर आए और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
7 मिनट में बकरियां लेकर हुए फरार:-
घटना लोसल के रामपुरा रोड क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक कार में आए बदमाशों ने घर के बाहर मौजूद दो बकरियों पर नजर रखी और महज सात मिनट के भीतर उन्हें चुरा लिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
खाने का लालच दिया और कार में खींच लिया:-
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार में बैठा एक आरोपी नीचे उतरे बिना ही दरवाजा खोलता है और बकरियों को खाने का लालच देकर अपने पास बुलाता है। जैसे ही दोनों बकरियां कार के करीब पहुंचीं, आरोपी ने उन्हें तेजी से वाहन के अंदर खींच लिया। इसके बाद कार मौके से रवाना हो गई।
फुटेज देखा तो उड़े मालिक के होश :-
बकरियों के मालिक लक्ष्मण राम कुमावत ने पहले आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब उनका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में पूरी वारदात सामने आने के बाद उन्होंने लोसल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसमें सवार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।