होटल कारोबारी के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 25 बदमाश किडनैप कर ले गए थे

3

होटल कारोबारी के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 25 बदमाश किडनैप कर ले गए थे

जोधपुर जिले के होटल कारोबारी के बेटे की पाली में लाठी-डंडे और सरियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक कबड्‌डी का स्टेट लेवल प्लेयर था। स्कॉर्पियो कार से अपने दोस्त के साथ 8 लाख रुपए लेकर जेसीबी खरीदने पाली जा रहा था। रास्ते में चार-पांच गाड़ियों में आए 20-25 बदमाशों ने उसको किडनैप कर लिया। लाठी-डंडों और सरियों से मारपीट करके लांबा गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर गंभीर रूप से घायल कापरडा क्षेत्र के रावर गांव निवासी मनोज (26) को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना बिलाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 9 बजे लांबा गांव के पास की है। मनोज के पिता महीराम ओडिसा में होटल चलाते हैं। मनोज बीपीएड करके पीटीआई की तैयारी कर रहा था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी जोधपुर जिले के हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मनोज के साथ एक युवक और था, लेकिन उसके साथ ज्यादा मारपीट नहीं हुई। मनोज के साथ जिन लोगों ने मारपीट की उनके साथ पहले मनोज ने मारपीट की थी, उसके खिलाफ बिलाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस मनोज को ढूंढ रही थी।