बीकानेर: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 38 पव्वों सहित युवक गिरफ्तार

post 650 (1)

बीकानेर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छतरगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 38 अवैध देशी शराब के पव्वों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस टीम इंदिरा गांधी नहर की आरडी 585 पुलिया के नीचे सूरतगढ़-सत्तासर मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबराकर वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान युवक के पास से 38 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान हीराराम पुत्र करनाराम मेघवाल (35) निवासी वार्ड नंबर 10, खटीकों का मोहल्ला, छतरगढ़ के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई काशीराम को सौंपी गई है।