दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, 3 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

post 648 (1)

झालावाड़ जिले की भीमसागर पंचायत के छत्रपुरा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में लगे ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी के कारण अचानक कई घरों में करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से आंगनबाड़ी सहायिका कमलेश बाई की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे कमलेश बाई अपने घर में रोजमर्रा के कार्य कर रही थीं। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में खराबी आने से बिजली का करंट पूरे गांव के कई घरों में फैल गया। करंट लगने से कमलेश बाई गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी और राहत कार्य में मदद की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में आई खराबी के चलते गांव के कई घरों में करंट फैल गया था, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मृतका कमलेश बाई आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थीं और परिवार का पालन-पोषण इसी आय से करती थीं। वह विधवा थीं और उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा उनके साथ रहता था। मां की असमय मौत के बाद तीनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ट्रांसफार्मर की समय पर मरम्मत नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।