राजस्थान: तीन बच्चों के पिता ने की पत्नी की हत्या, सोते समय किया वार, मृतका की बहन बोली-राजी-खुशी सोए थे दोनों

post 638 (1)

राजस्थान: कोटा जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के सारोला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने गंडासे से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सुल्तानपुर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका द्वारिका बाई सहरिया (40) बारां जिले के केलवाड़ा क्षेत्र के कुसारा गांव की निवासी थी। उसकी शादी रामभरोस से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। दोनों कुछ समय से सांगोद में रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे थे। कुछ दिन पहले ही द्वारिका बाई रोजगार की तलाश में अपनी बहन नत्थू बाई के घर सारोला आई थी और वहीं रह रही थी।

मृतका की बहन ने बताया कि पति-पत्नी दोनों रात को सामान्य रूप से सोए थे और उनके बीच किसी प्रकार का कोई विवाद भी नहीं हुआ था। गुरुवार अलसुबह करीब 4 बजे आरोपी ने अचानक गंडासे से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मृतका की बहन ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर, इटावा डीएसपी ओमप्रकाश सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे हैं। इस घटना के बाद बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।