Crime News: चोरों ने पहले खाई आम-रोटी, फिर 10 लाख के जेवर-नकदी के साथ कपड़े-डॉक्यूमेंट लेकर फरार; मामला दर्ज

post 633 (1)

बारां। जिले के हरनावदाशाहजी थाना क्षेत्र के देहलनपुर गांव में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। चोरों ने घर में सेंध लगाकर नकदी और जेवरात के साथ-साथ कपड़े तथा जरूरी दस्तावेज भी चोरी कर लिए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

ये है पूरा मामला:-

जानकारी के अनुसार देहलनपुर निवासी जगदीश लोधा के घर बुधवार देर रात अज्ञात बदमाश पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुस गए। उस समय परिवार के सदस्य घर के बाहर चौक में सो रहे थे। इसका फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों में रखी नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए।

परिजनों के मुताबिक चोर करीब 2 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुल नुकसान 10 लाख रुपए से अधिक बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह रही कि बदमाश नकदी और गहनों के अलावा परिवार के जरूरी दस्तावेज और कपड़े भी अपने साथ ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।

चोरों ने आम और रोटी से भरा पेट:-

वारदात के दौरान चोरों ने घर में रखे आम और रोटी भी खाई। घटनास्थल पर मिले संकेतों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश काफी देर तक घर के अंदर मौजूद रहे। पहले उन्होंने खाना खाया और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण हरनावदाशाहजी थाने पहुंचे तथा पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीनों में क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है और बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं।