Rajasthan: ACB की बड़ी कार्रवाई, पटवारी 4500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

कोटपूतली-बहरोड़। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमराणा तहसील के एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी धर्म सिंह को 4,500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी धर्म सिंह पटवार हल्का दौसौद में पदस्थापित है और उसके पास रैवाना पटवार हल्के का अतिरिक्त प्रभार भी था। एसीबी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि ग्राम तलवाना स्थित उसकी शामलाती जमीन के नामांतरण और सीमांकन कार्य के बदले पटवारी रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत में बताया गया कि अक्टूबर 2025 में जमीन से जुड़े नामांतरण कार्य के लिए पटवारी ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन करने पर उसने फिर से रिश्वत मांगी। आरोप है कि सीमांकन और पूर्व के कार्यों के बदले कुल 15 हजार रुपये की मांग की गई थी।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी सीमांकन कार्य के लिए 5 हजार रुपये लेने पर अड़ा रहा, लेकिन बाद में 4,500 रुपये लेने पर सहमत हो गया।
इसके बाद एसीबी जयपुर नगर तृतीय इकाई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने परिवादी से 4,500 रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।