Rajasthan: डॉक्टर को हनीट्रैप में फंसाकर वसूले 25 लाख, दो युवतियां गिरफ्तार

post 602 (1)

उदयपुर। हिरणमगरी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप का एक मामला सामने आया है। दोस्ती के जाल में डॉक्टर को फंसाकर वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और 25 लाख रुपए वसूलने के आरोप में पुलिस ने 2 युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवतियों ने पीड़ित से पहले 25 लाख रुपये वसूल लिए थे और बाद में 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रही थीं।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में पीड़ित ने बताया कि फरवरी 2026 में उसकी पहचान कृष्णा नामक युवती से हुई थी। कुछ समय बाद कृष्णा ने अपनी परिचित कशिश भारद्वाज से भी उसकी मुलाकात करवाई। आरोप है कि मार्च 2026 में कशिश उसके फ्लैट पर आई और दोनों के बीच संबंध बने।

पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन कृष्णा ने फोन कर बताया कि उसका और कशिश का वीडियो बना लिया है। इसके बाद दोनों युवतियों ने वीडियो वायरल करने, परिवार और पत्नी को भेजने तथा घर पर हंगामा करने की धमकी देकर पहले 30 लाख और बाद में 25 लाख रुपए की मांग की।

रिपोर्ट के अनुसार लगातार दबाव और ब्लैकमेलिंग के चलते पीड़ित ने बैंक से ऋण लिया तथा अपने गृह राज्य से भी राशि मंगवाई। इसके बाद तीन किश्तों में कुल 25 लाख रुपये युवतियों को सौंप दिए। आरोप है कि रकम मिलने के बाद युवतियों ने वीडियो डिलीट करने और भविष्य में परेशान नहीं करने का भरोसा दिया था।

पीड़ित ने बताया कि करीब तीन माह बाद फिर से उससे संपर्क कर 10 लाख रुपये की मांग की गई। साथ ही वीडियो वायरल करने, झूठे मुकदमों में फंसाने और बदनाम करने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शिकायत के तथ्यों का सत्यापन किया और पीड़ित के सहयोग से जाल बिछाया। युवतियों को 10 लाख रुपए देने का भरोसा दिलाया गया। आरोपी युवतियों ने पीड़ित को फतहसागर किनारे बुलाया। तय योजना के अनुसार पीड़ित ने चिल्ड्रन बैंक के नोटों से भरा बैग युवतियों को सौंपा। बैग लेते ही सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा कथित रूप से वसूली गई राशि और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।