बाइक की टक्कर के बाद कार-ड्राइवर के अपहरण का प्रयास, मारपीट कर कार में डालने लगे बदमाश

5

बाइक की टक्कर के बाद कार-ड्राइवर के अपहरण का प्रयास, मारपीट कर कार में डालने लगे बदमाश

जयपुर। राजधानी के त्रिपोलिया गेट क्षेत्र में मामूली सड़क हादसे के बाद कार चालक के साथ मारपीट और अपहरण के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त होने पर उसे मरम्मत कराने के बहाने एक गेराज ले जाया गया, जहां पहले से बुलाए गए युवकों ने चालक के साथ मारपीट की और जबरन कार में डालकर ले जाने की कोशिश की। पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बच निकला और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल कुलदीप के अनुसार सतीश सामरिया ने अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे त्रिपोलिया गेट के पास उनकी कार को एक बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवारों ने नुकसान की भरपाई और कार की मरम्मत कराने का भरोसा दिलाते हुए उन्हें 22 गोदाम क्षेत्र स्थित एक गेराज पर ले गए। वहां पहुंचने के बाद बाइक सवार ने मरम्मत के लिए रुपए मंगवाने की बात कही और इसी दौरान अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।