Road Accident: दो ट्रेलरों और टैंकर की भिड़ंत, एक चालक की मौत, दो घायल

post 597 (1)

अजमेर। पुष्कर के निकट होकरा गांव के पास जयपुर-नागौर बाईपास हाईवे पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिया के पास दो ट्रेलरों और पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में तीनों चालक घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे हुए इस हादसे के बाद तीनों वाहन सड़क पर पलट गए और उनके केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय भिजवाया गया।

हादसे के बाद टैंकर से पेट्रोल-डीजल रिसाव की आशंका के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुष्कर पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर करीब 500 मीटर क्षेत्र खाली करवाया और लोगों को घटनास्थल से दूर किया। वहीं जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को अलग किया गया।

घायल चालक अब्दुल जब्बार ने बताया कि वह कली से भरे कट्टों का ट्रेलर लेकर कोटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान होकरा गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने कथित रूप से ओवरटेक करने के प्रयास में पहले पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर को टक्कर मारी और फिर उसके वाहन से जा भिड़ा। टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और उससे ईंधन का रिसाव होने लगा।

हादसे में घायल जोधपुर के बोरुंदा निवासी अब्दुल जब्बार और हाथी सिंह का अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं एक अन्य चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

डिवाइडर नहीं होने से बढ़ रहा हादसों का खतरा:-

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के दबाव को कम करने के लिए बनाए गए इस बाईपास पर डिवाइडर की व्यवस्था नहीं है। साथ ही कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी भी नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने सड़क सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

You may have missed