राजस्थान: प्रदेश के सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों को लेकर असमंजस खत्म, अब इतने दिन का होगा ग्रीष्मावकाश; पढ़े खबर

post 596 (1)

जयपुर। राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग ने शैक्षिक पंचांग वर्ष 2026-27 में संशोधन करते हुए ग्रीष्मावकाश की अवधि बढ़ा दी है। अब प्रदेश के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 35 दिनों के बजाय 43 दिनों की होंगी। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने संशोधित आदेश जारी कर दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार पूर्व में ग्रीष्मावकाश 17 मई 2026 से 20 जून 2026 तक निर्धारित था, जिसकी अवधि 35 दिन थी। अब इसे बढ़ाकर 28 जून 2026 तक कर दिया गया है। इस निर्णय से विद्यार्थियों और शिक्षकों को 8 दिन का अतिरिक्त अवकाश मिलेगा।

शिक्षा विभाग ने शैक्षिक पंचांग में एक अन्य संशोधन करते हुए संस्था प्रधान द्वारा स्वीकृत किए जाने वाले अधिकृत अवकाशों की संख्या भी एक से बढ़ाकर दो कर दी है।

शिक्षा विभाग के शासन उपसचिव आलोक जैन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस संशोधन को तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। आदेश की प्रतियां माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, समग्र शिक्षा अभियान, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद तथा अन्य संबंधित विभागों को भेजी गई हैं।

मुख्य बदलाव:-

  • ग्रीष्मावकाश 35 दिन से बढ़ाकर 43 दिन किया गया।
  • अवकाश अवधि 17 मई से 28 जून 2026 तक रहेगी।
  • विद्यार्थियों और शिक्षकों को 8 दिन का अतिरिक्त अवकाश मिलेगा।
  • संस्था प्रधान के अधिकृत अवकाश 1 से बढ़ाकर 2 किए गए।

गौरतलब है कि ग्रीष्मावकाश में कटौती और प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश को लेकर शिक्षक संगठन लंबे समय से विरोध जता रहे थे। इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री और शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई चर्चा के बाद अवकाश अवधि बढ़ाने और अधिकृत अवकाश बहाल करने पर सहमति बनी थी।

प्रदेश में मई-जून के दौरान पड़ने वाली भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार के इस निर्णय को विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।

You may have missed