राजस्थान: दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने बेरहमी से की बेटे-बेटी की हत्या, खुद ने भी खाया विषाक्त

post 54

राजस्थान: दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने बेरहमी से की बेटे-बेटी की हत्या, खुद ने भी खाया विषाक्त

भीलवाड़ा। जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ग्राम मानपुरा में एक मां ने अपने ही दो मासूम बच्चों की निर्ममता से हत्या कर दी। मृत बच्चों में 8 वर्षीय बेटा भैरू और 5 वर्षीय बेटी नेहा शामिल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हत्या के बाद महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास:-

जानकारी के अनुसार संजू तेली (35), पत्नी राजू तेली ने पहले धारदार हथियार से अपने दोनों बच्चों पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजन उसे गंभीर अवस्था में मांडलगढ़ उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलने पर मांडलगढ़ थाना पुलिस और विशेष टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।

बीमारी और मानसिक तनाव की आशंका:-

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक तनाव और गृह क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस सूत्रों के अनुसार संजू लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहती थी।

गांव में मातम का माहौल
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।