दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई कार, एक की मौत, तीन लोग घायल

post 582 (1)

कोटा। सुल्तानपुर क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कराड़िया इंटरचेंज के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर सीमलिया थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार हरियाणा के अंबाला निवासी चार लोग उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच कराड़िया इंटरचेंज के पास चालक को झपकी आने से कार आगे खड़े प्याज से भरे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए।

पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में नारायणगढ़ (अंबाला) निवासी 48 वर्षीय शिविश वशिष्ठ की मौत हो गई। वह कार में चालक के पास वाली सीट पर बैठे थे। वहीं सानिध्य, पुनीत और रोहित घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे बूंदी जिले के लबान इंटरचेंज के पास से डिटेन कर लिया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित रेस्ट एरिया होने के बावजूद कई वाहन चालक सड़क किनारे ट्रक खड़े कर देते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने हाईवे पर निगरानी और पेट्रोलिंग व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।