दर्दनाक हादसा: पानी के होद में डूबने से तीन मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

post 572

जोधपुर। जिले के मथानिया क्षेत्र के मांडियाई खुर्द गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की पानी के होद में डूबने से मौत हो गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बच्चे घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे खेत में बने जल होद के पास पहुंच गए। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने से बच्चे गहरे पानी में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके। होद की गहराई करीब पांच से आठ फीट बताई जा रही है।

हादसे में 14 वर्षीय लक्ष्मी पुत्री पुखराज सियोल, 8 वर्षीय राधेश्याम पुत्र तिलाराम सियोल और 7 वर्षीय रोहित पुत्र ताजाराम सियोल की मौत हो गई। रोहित मूल रूप से खेतासर गांव का निवासी था और इन दिनों अपनी बुआ के घर मांडियाई खुर्द आया हुआ था।

काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बच्चों के होद में गिरने की जानकारी मिली। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर तिंवरी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

गमगीन माहौल में तीनों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में बने खुले जल होदों के आसपास सुरक्षा दीवार या जाली लगाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।