राजस्थान: दिल दहला देने वाली वारदात, घर में फ्रिज के सहारे खड़ा मिला युवक का शव; हत्या की आशंका

राजस्थान: दिल दहला देने वाली वारदात, घर में फ्रिज के सहारे खड़ा मिला युवक का शव; हत्या की आशंका
चित्तौड़गढ़। चंदेरिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव उसके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गवारिया मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय यशवंत पुत्र सुखलाल गवारिया के रूप में हुई है। शव के सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
गाय निकालने गई पड़ोसन ने देखा शव :
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह यशवंत के घर का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान एक गाय घर के अंदर चली गई। पड़ोस में रहने वाली महिला गाय को बाहर निकालने के लिए घर में पहुंची तो उसने यशवंत को फ्रिज के सहारे खड़ा देखा। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। महिला ने पास जाकर उसे छुआ तो वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद महिला ने शोर मचाया और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य :
घटना की सूचना पर चंदेरिया थाना पुलिस, गंगरार डिप्टी शिवप्रकाश टेलर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
दोस्तों से पूछताछ जारी :
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार यशवंत शराब पीने का आदी था। शुक्रवार शाम तक उसे घर पर देखा गया था और उस समय टीवी भी चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि देर रात उसके कुछ दोस्त घर आए हो सकते हैं या वह उनके साथ कहीं गया हो। इसी आधार पर पुलिस ने उसके 5-7 दोस्तों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे :
पुलिस जांच में सामने आया है कि यशवंत की भीलवाड़ा जिले के गंगापुर में चूड़ियों की दुकान है। उसकी पत्नी और बेटा गंगापुर में रहते हैं और दुकान संभालते हैं। वहीं चंदेरिया स्थित पैतृक घर में उसकी मां और बेटी रहती हैं, जो फिलहाल अधिक मास के चलते हरिद्वार स्नान के लिए गई हुई हैं। यशवंत का एक भाई रोलाहेड़ा रोड पर और दूसरा फतहनगर में रहता है।