कबूतरों के लिए कूलर खरीदने पहुंचे युवक ने की थी भाजपा नेता की हत्या

कबूतरों के लिए कूलर खरीदने पहुंचे युवक ने की थी भाजपा नेता की हत्या
जयपुर जिले के मनोहरपुर कस्बे में भाजपा नेता एवं कबाड़ व्यवसायी रामावतार असवाल उर्फ पप्पू की हत्या के मामले का पुलिस ने मात्र तीन दिन में खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश या आपराधिक दुश्मनी नहीं, बल्कि कबूतरों के लिए पुराना कूलर खरीदने को लेकर हुआ मामूली विवाद था, जिसने खूनी रूप ले लिया। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि 1 जून की देर शाम श्याम मार्केट स्थित कबाड़ गोदाम में रामावतार असवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस लुहार मंडी, मनोहरपुर निवासी सोहिल (20) पुत्र कुतुबुद्दीन लुहार तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।