वनपाल को पिकअप से कुचलने की कोशिश, तस्करों ने मारपीट कर वर्दी फाड़ी; पढ़े खबर

post 542 (1)

हनुमानगढ़। पल्लू क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की कार्रवाई के दौरान वनकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि तस्करों ने मारपीट कर वनपाल की वर्दी फाड़ दी और जब्त वाहन छुड़ाने के लिए उन्हें गाड़ी से कुचलने का भी प्रयास किया। मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वनपाल योगेश कुमार के अनुसार, बुधवार रात सूचना मिली थी कि सरदारशहर की ओर से प्रतिबंधित हरी खेजड़ी की लकड़ियों से भरी एक पिकअप पल्लू की ओर आ रही है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने बिसरासर गांव के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया। जांच के दौरान पिकअप में खेजड़ी की लकड़ियां भरी मिलीं, जबकि चालक भीमसेन स्वामी और उसके साथ मौजूद लिच्छीराम जाट कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग की टीम ने गाड़ी को जब्त कर लिया और उसे पल्लू वन चौकी ले जाने लगे।

आरोप है कि रास्ते में एक अन्य वाहन में पहुंचे हनुमान स्वामी और बजरंग स्वामी ने लोहे की रॉड और लाठियों से वनकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में वनपाल घायल हो गए और उनकी वर्दी भी फट गई।

इस अचानक हुए हमले में वनपाल योगेश कुमार के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं और आरोपियों ने उनकी सरकारी वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद, जब्त की गई पिकअप को छुड़ाने के लिए आरोपियों ने वनपाल के ऊपर गाड़ी चढ़ाने (कुचलने) का प्रयास किया और लकड़ियों से भरी पिकअप लेकर मौके से फरार हो गए।

इस गंभीर घटना के बाद वन विभाग ने पल्लू थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद वन विभाग ने देर रात क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान दो ट्रैक्टर-रेहड़ा और एक बिना नंबर की पिकअप जब्त की गई। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।