Crime News: रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकली विवाहिता की हत्या, एक नामजद सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

post 541 (1)

Crime News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव चिश्तियां से अपनी एक रिश्तेदारी में मिलने जाने की बात कहकर घर से निकली एक 42 वर्षीय विवाहित महिला की धारदार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला बुधवार को रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन गुरुवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका के पति जसवंत सिंह बावरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मनोज खां समेत तीन-चार अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार दोपहर बाद जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह जसवंत सिंह और उनका बेटा काम पर चले गए थे, जबकि घर पर पत्नी मंजीत कौर और बेटी मौजूद थीं। दोपहर में मंजीत कौर रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी।

गुरुवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि अग्रसेन चौक-श्रीगंगानगर रोड क्षेत्र में मंजीत कौर पर जानलेवा हमला किया गया है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने मनोज खां और उसके साथियों पर हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जंक्शन थाना पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल जारी है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।