बीकानेर: निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार ढही, बड़ा हादसा टला

बीकानेर: निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार ढही, बड़ा हादसा टला
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के नोखा रोड स्थित हंसा गेस्ट हाउस के सामने एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार देर रात अचानक ढह गई। हादसा रात करीब दो बजे हुआ। घटना के समय सड़क और आसपास लोगों की आवाजाही नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि मलबे की चपेट में आने से आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीवार गिरने के बाद भारी मात्रा में मलबा गली में फैल गया, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि उक्त स्थान पर निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत का कार्य लंबे समय से चल रहा था और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठाए गए थे। मोहल्लेवासियों का कहना है कि उन्होंने भवन मालिक को निर्माण की मजबूती और सुरक्षा को लेकर कई बार आगाह किया था, लेकिन चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया गया। लोगों का आरोप है कि कमजोर निर्माण के कारण ही दीवार ढहने जैसी घटना सामने आई है, जिससे भविष्य में और भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।