IMD Alert: राजस्थान के 9 जिलों में बारिश-मेघगर्जन का येलो अलर्ट, 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने गुरुवार सुबह राजस्थान के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से सुबह 10 बजे जारी किए गए अलर्ट के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
मौसम विभाग ने बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा मेघगर्जन की संभावना जताई है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम में अचानक बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय मौसमी तंत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में बारिश, आंधी और मेघगर्जन का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में गिरावट आने और हीटवेव के असर में कमी होने की संभावना है।