खाता विभाजन के लिए मांगे एक लाख, 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

11

खाता विभाजन के लिए मांगे एक लाख, 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
घमंडिया| (श्रीगंगानगर) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट बीकानेर ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रिड़मलसर उपतहसील में एक राजस्व पटवारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिड़मलसर पटवार मंडल के पटवारी अंकुश कुमार पर खाता विभाजन के बदले एक लाख रुपए रिश्वत मांगने की शिकायत है। एसीबी की कार्रवाई से उपतहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी तथा अन्य पटवारी वहां से गायब हा़े गए।

एसीबी की स्पेशल यूनिट बीकानेर को परिवादी सुखदेव सिंह ने शिकायत दी थी कि उसकी रिड़मलसर पटवार मंडल के चक 68 एलएनपी स्थित भूमि के मुरब्बा नंबर 35 में संयुक्त खाते की जमीन है। उसी का खाता विभाजन करने के लिए राजस्व पटवारी अंकुश कुमार रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत में बताया कि पटवारी ने इस काम के एवज में एक लाख रुपए की मांग की है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। सोमवार को एसीबी की टीम ने उपतहसील रिड़मलसर में कार्रवाई करते हुए राजस्व पटवारी अंकुश कुमार को परिवादी से 50 हजार रुपए पहली किस्त के रूप में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी पटवारी अंकुश कुमार पुत्र सुखराम, चक 8 ईई-ए तहसील पदमपुर का निवासी है। वह वर्तमान में पटवार मंडल रिड़मलसर में कार्यरत है। ट्रैप की कार्रवाई पुलिस निरीक्षक इंद्र कुमार ने टीम के साथ की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही एसीबी की टीम ने उपतहसील कार्यालय में यह कार्रवाई की। वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी इधर-उधर निकल गए, जबकि कुछ अन्य पटवारी भी कार्यालय छोड़कर जाते दिखाई दिए। ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी अधिकारियों ने आरोपी पटवारी से पूछताछ शुरू की। उसके कार्यालय के रिकॉर्ड अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार 2022 से पटवारी अंकुश रिड़मलसर पटवार मंडल में कार्यरत था।