हॉस्पिटल के पास अंडरग्राउंड बिजली केबल में ब्लास्ट, आग लगी
हॉस्पिटल के पास अंडरग्राउंड बिजली केबल में ब्लास्ट, आग लगी
टोंक में निजी हॉस्पिटल के पास अंडरग्राउंड बिजली लाइन की केबल में अचानक ब्लास्ट हो गया। विस्फोट के साथ उठीं आग की लपटों के बीच मौके से गुजर रही स्कॉर्पियो चपेट में आने से बच गई। इस दौरान हल्की बारिश से आग कुछ ही देर में बुझ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद हॉस्पिटल में दहशत का माहौल रहा। घटना सोमवार शाम करीब 6:40 बजे हुई। सोनवा रोड स्थित बिजली निगम के बड़े ग्रिड से शहर के साथ-साथ मेहंदवास, छान और डारडा सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होती है। करीब एक माह पहले इन क्षेत्रों के लिए अंडरग्राउंड बिजली लाइन डाली गई थी, जो बंसल हॉस्पिटल के पीछे से होकर गुजरती है। डॉ. राजीव बंसल के अनुसार करीब 15 दिन पहले इसी अंडरग्राउंड लाइन में अस्पताल के पास फॉल्ट आया था। तकनीकी कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत की थी। आरोप है कि मरम्मत के बाद खोदे गए गड्ढे को ठीक से नहीं भरा गया और जिस स्थान पर केबल का ज्वाइंट लगाया गया था, वहीं बाद में समस्या बनी रही।