DST Action: राजस्थान में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 500 किलो गांजा से भरा ट्रक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी
DST Action: राजस्थान में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 500 किलो गांजा से भरा ट्रक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी
DST Action: टोंक से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-52 पर देवली के पास टोंक पुलिस की स्पेशल टीम (डीएसटी) ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। 9 जनवरी की रात देवली थाना क्षेत्र में डीएसटी ने कार्रवाई करते हुए 500 किलो गांजा से भरा ट्रक जब्त किया है। ट्रक में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार यह गांजा उड़ीसा से देवली के हनुमान नगर क्षेत्र में पहुंचाया जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने तस्करों को दबोच लिया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जिसे पुलिस प्रदेश की बड़ी कार्रवाइयों में से एक मान रही है।
सूत्रों के मुताबिक, नशे की यह खेप भीलवाड़ा, अजमेर और टोंक जिलों में सप्लाई की जानी थी। ट्रक की जब्ती के बाद देवली पुलिस अब पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
एसपी राजेश कुमार मीणा के निर्देश पर डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान गांजा मिलने पर दस्तावेज मांगे गए, लेकिन पेश नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद तस्करी से जुड़े कई बदमाश अंडरग्राउंड बताए जा रहे हैं।