दर्दनाक हादसा: तेज अंधड़ में भरभराकर गिरी दीवार, दबने से शिक्षक की मौत

भीलवाड़ा। जिले के हुरड़ा क्षेत्र में बीती रात आई तेज आंधी के दौरान दीवार गिरने से एक शिक्षक की मौत हो गई। स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय में पीजीटी कंप्यूटर साइंस के अध्यापक योगेश कुमार नामा देर शाम खेल मैदान में टहल रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी और धूल से बचने के लिए वह मैदान में बने स्टेज के पीछे दीवार के पास खड़े हो गए।
अचानक तेज अंधड़ के कारण दीवार भरभराकर गिर पड़ी और वह उसके नीचे दब गए। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और चौकीदार ने उनकी तलाश की, तब विद्यालय परिसर में उन्हें मलबे के नीचे दबा पाया गया। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। योगेश कुमार मूल रूप से टोंक जिले के पीपलू गांव के निवासी थे। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी और एक पुत्र और एक पुत्री है।