जून 2026 में लॉन्च हो सकती हैं 6 नई कारें, Honda की नई ZR-V भी लिस्ट में शामिल

1200-675-26821741-thumbnail-16x9-car

मई 2026 में भारतीय बाजार में कई बेहतरीन कारें लॉन्च की गईं, जिनमें 2026 Tata Tiago ICE और Tiago EV, Honda City फेसलिफ्ट, MG Majestor और BMW M440i Convertible के साथ-साथ Mercedes-Benz GLE व GLS और MINI Cooper S के स्पेशल एडिशन वर्जन शामिल रहे। अब संभावना जताई जा रही है कि जून 2026 भी ऑटो सेक्टर के लिए काफी व्यस्त महीना साबित हो सकता है, जिसमें Mercedes-Benz की अपडेटेड फ्लैगशिप सेडान, BMW की एक कूपे-SUV, Tata Motors की नई EV, Honda की SUV और BYD की PHEV कार लॉन्च की जा सकती है।

Mercedes-Benz S-Class फेसलिफ्ट
(लॉन्च डेट: 15 जून, 2026)

इस महीने का सबसे पहला लॉन्च Mercedes-Benz की ओर से होने वाला है, जिसे भारत में 15 जून, 2026 को किया जाएगा। यह कंपनी की S-Class फेसलिफ्ट सेडान होगी। इसमें प्लग-इन हाइब्रिड S 450e वेरिएंट उतारा जाएगा, जिसमें 3.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इनलाइन-सिक्स इंजन का इस्तेमाल किया गया है, जो 22kWh बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक मोटर से जुड़ा होगा। यह भारत में कंपनी की पहली PHEV S-Class सेडान होगी, जिसका आउटपुट 435hp पावर और 680Nm टॉर्क रहने की संभावना है। कंपनी के अनुसार यह कार 0-100kph की रफ्तार केवल 5.7 सेकंड में पकड़ने में सक्षम होगी। संभावना यह भी जताई जा रही है कि बाद में Mercedes-Benz S-Class में पेट्रोल पावरट्रेन का विकल्प भी दिया जा सकता है, हालांकि डीजल वेरिएंट जारी रहेगा या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

BMW X6 M60i
(लॉन्च डेट: खुलासा नहीं)

BMW भी भारत में अपनी नई BMW X6 M60i को लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके लिए कंपनी ने प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। ऐसे में जून 2026 में इसके लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस कार में 4.4-लीटर ट्विन-टर्बो V8 माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 523hp की पावर और 750Nm का टॉर्क प्रदान करता है। यह इंजन 8-स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ आता है, जो सभी पहियों (AWD) को पावर देता है। कंपनी का दावा है कि यह कार 0-100kph की रफ्तार केवल 4.3 सेकंड में हासिल कर सकती है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक रूप से इसकी टॉप स्पीड 250kph तक सीमित रखी गई है।

Honda ZR-V
(लॉन्च डेट: खुलासा नहीं)

Honda Cars ने हाल ही में अपनी नई Honda City फेसलिफ्ट को लॉन्च किया है। कंपनी ने मई 2026 में भारत में अपनी फ्लैगशिप SUV के रूप में Honda ZR-V को प्रदर्शित किया था और संभावना जताई जा रही है कि जून 2026 में इसकी कीमतों का खुलासा किया जा सकता है। यह भारत में पूरी तरह से बिल्ट-अप यूनिट (CBU) इंपोर्ट के तौर पर उतारी जाएगी, जिसकी डिलीवरी जुलाई 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। इस SUV में 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है, जो 184hp की पावर और 315Nm का टॉर्क प्रदान करेगा और e-CVT ट्रांसमिशन से जुड़ा होगा। डिजाइन की बात करें तो इसका बॉडी स्टाइल काफी स्लीक रखा गया है। इसमें स्लीक LED हेडलाइट्स, L-शेप LED DRLs, ब्लैक ग्रिल, 18-इंच एलॉय व्हील्स और रैपअराउंड LED टेललाइट्स देखने को मिल सकती हैं।

Skoda Kodiaq RS
(लॉन्च डेट: खुलासा नहीं)

Skoda Octavia RS को हाल ही में लॉन्च करने के बाद कंपनी अब अपनी फ्लैगशिप Kodiaq RS SUV को भारतीय बाजार में उतार सकती है। यह भारत की पहली Skoda RS SUV भी हो सकती है, जिसे CBU (कम्प्लीटली-बिल्ट यूनिट) इंपोर्ट के रूप में लाए जाने की उम्मीद है। इंटरनेशनल-स्पेक Skoda Kodiaq RS में री-ट्यून किया गया 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो रेगुलर Skoda Kodiaq के मुकाबले 60hp ज्यादा पावर और 80Nm ज्यादा टॉर्क जनरेट करता है। हालांकि यह 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स के साथ आता है, जो चारों पहियों (AWD) तक पावर पहुंचाता है।

Tata Sierra EV
(लॉन्च डेट: खुलासा नहीं)

स्वदेशी कार निर्माता Tata Motors ने हाल ही में अपनी 2026 Tiago EV को लॉन्च किया है, जिसके बाद अब Tata की अगली इलेक्ट्रिक कार Tata Sierra EV होने की उम्मीद है। संभावना है कि इसे इसी महीने लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी के लाइन-अप में यह Tata Harrier EV के नीचे पोजिशन की जाएगी और इसे रियर-व्हील-ड्राइव (RWD) तथा ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) दोनों वेरिएंट्स में उतारा जा सकता है। हालांकि बैटरी पैक के विकल्पों को लेकर अभी खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इसकी असल ड्राइविंग रेंज 500km से ज्यादा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

नई BYD PHEV
(लॉन्च डेट: खुलासा नहीं)

इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी BYD India ने भारत में अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड पेशकश के लिए एक टीज़र जारी किया है। हालांकि कंपनी ने अभी तक PHEV विकल्प वाली असली कार का खुलासा नहीं किया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह पावरट्रेन Atto 2 और Sealion 6 जैसे मॉडल्स में उपलब्ध है। BYD Atto 2 PHEV में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया जाता है, जो 7.8kWh या 18kWh बैटरी पैक से जुड़ा है, जिनकी कुल रेंज क्रमशः 928km और 998km तक हो सकती है।

वहीं दूसरी ओर, BYD Sealion 6 में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलता है। दोनों वेरिएंट्स 18.3kWh या 26.6kWh बैटरी के साथ उपलब्ध हैं, जिनकी कुल रेंज 1,092km तक होने का दावा किया गया है।