10 से ज्यादा स्पा सेंटरों पर पुलिस की एक साथ छापेमारी, 30 युवतियां हिरासत में ली गईं

4

10 से ज्यादा स्पा सेंटरों पर पुलिस की एक साथ छापेमारी, 30 युवतियां हिरासत में ली गईं

खैरथल-तिजारा। भिवाड़ी में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख व्यावसायिक परिसरों में संचालित स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 10 से अधिक स्पा सेंटरों की जांच की गई, जहां से 30 से ज्यादा युवतियों को हिरासत में लिया गया। वहीं दो युवकों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू की गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटरों में सभी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और पुलिस की इस मुहिम को लेकर लोगों में भी उत्सुकता देखने को मिली। पुलिस सूत्रों के अनुसार भिवाड़ी थाना क्षेत्र में स्थित एक शॉपिंग प्लाजा और एक बड़े मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। मटिला चौकी प्रभारी पुनीत मीणा और भिवाड़ी मोड़ चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में 20 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी। टीम में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया ताकि जांच और पूछताछ की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके। छापेमारी के दौरान शॉपिंग प्लाजा में संचालित करीब चार स्पा सेंटरों की जांच की गई। यहां से लगभग 10 युवतियों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मॉल में संचालित छह स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की, जहां से 20 से अधिक युवतियों को हिरासत में लिया गया। साथ ही दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी को आगे की कार्रवाई के लिए भिवाड़ी मोड़ पुलिस चौकी लाया गया।