Rajasthan: शादी के 6 माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, टांके में मिला शव

बाड़मेर। जिले के महाबार क्षेत्र में एक विवाहिता का शव टांके में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला हरजानियों की ढाणी, केरली नाड़ी का है, जहां सुगनी पत्नी सवाई राम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में टांके से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतका की शादी करीब छह माह पहले सवाई राम के साथ हुई थी। घटना की सूचना के बाद दोनों पक्षों के लोग बाड़मेर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी के बाहर पहुंच गए, जहां माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मृतका के पीहर पक्ष ने सुगनी की मौत को संदिग्ध बताते हुए पति, सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करता था, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती थी। पिता ने दावा किया कि शव पर चोट के निशान और सूजन दिखाई देने से हत्या की आशंका और गहरा गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।