UPI से LPG तक जून में 8 बड़े बदलाव, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा असर

Changes from 1st June: हर महीने की तरह जून की शुरुआत भी कई अहम वित्तीय बदलावों के साथ होने जा रही है, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। चाहे आप नौकरीपेशा हों, निवेशक हों, UPI से भुगतान करते हों या फिर प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने की योजना बना रहे हों, 1 जून से लागू होने वाले नए नियमों की जानकारी आपके लिए जरूरी है। टैक्स, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस कीमतों और सोलर सेक्टर से जुड़े कई बदलाव लागू होने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों की पूरी डिटेल।
UPI भुगतान होगा ज्यादा सुरक्षित:-
डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए UPI पेमेंट सिस्टम में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। अब QR कोड स्कैन करने या मोबाइल नंबर पर पैसे भेजने के दौरान सामने वाले व्यक्ति का वही नाम दिखाई देगा, जो बैंक रिकॉर्ड में दर्ज होगा। पहले कई यूजर्स कस्टम नाम या टैग का इस्तेमाल कर लेते थे, जिससे गलत पहचान के जरिए ठगी की आशंका रहती थी। नए नियम के बाद फर्जी नाम से धोखाधड़ी करना मुश्किल हो जाएगा।
15 जून तक भरना होगा एडवांस टैक्स:-
जिन लोगों की अनुमानित टैक्स देनदारी 10 हजार रुपये से अधिक है, उन्हें 15 जून 2026 तक एडवांस टैक्स की पहली किस्त भरनी होगी। खास बात यह है कि यह प्रक्रिया नए आयकर कानून 2025 और आयकर नियम 2026 के तहत लागू होगी। समय पर भुगतान नहीं करने पर हर महीने 1 फीसदी ब्याज देना पड़ सकता है।
नौकरीपेशा लोगों को मिलेगी राहत:-
पुरानी टैक्स व्यवस्था चुनने वाले कर्मचारियों के लिए कुछ राहत भरी खबर भी है। बच्चों की शिक्षा भत्ता (Children Education Allowance) पर टैक्स छूट को बढ़ाकर प्रति बच्चे 3 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। वहीं हॉस्टल भत्ता छूट को 9 हजार रुपये प्रति माह तक बढ़ाया गया है। इसके अलावा बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद और अहमदाबाद को 50 प्रतिशत HRA छूट वाले शहरों की सूची में शामिल किया गया है, जिससे इन शहरों में रहने वाले कर्मचारियों को फायदा मिल सकता है।
ATM और बैंकिंग सेवाएं हो सकती हैं महंगी:-
कुछ बैंक जून से अपनी सेवाओं के शुल्क में बदलाव कर सकते हैं। कैश निकासी, बैलेंस चेक और मिनी स्टेटमेंट जैसी सुविधाओं पर पहले से अधिक फीस लग सकती है। ATM ट्रांजैक्शन की लागत भी बढ़ने की संभावना है। हालांकि अलग-अलग बैंकों के नियम अलग हो सकते हैं, इसलिए ग्राहकों को अपने बैंक की नई शुल्क सूची देख लेना बेहतर होगा।
PF निकालना हो सकता है आसान:-
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू कर सकता है। सरकार के मुताबिक इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। इसके लागू होने के बाद कर्मचारियों को PF का पैसा पहले की तुलना में तेजी से मिल सकेगा।
LPG, CNG और PNG कीमतों पर रहेगी नजर:-
हर महीने की तरह इस बार भी 1 जून को तेल कंपनियां LPG, CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा करेंगी। पिछले महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े थे, ऐसे में लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि इस बार कीमतों में राहत मिलती है या फिर बढ़ोतरी होती है।
PAN नियमों में भी बदलाव:-
बड़े वित्तीय लेनदेन से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया गया है। अब सामान्य स्थिति में 50 हजार रुपये से अधिक नकद जमा करने पर PAN जरूरी नहीं होगा। वहीं कुछ मामलों में प्रॉपर्टी बिक्री के लिए PAN सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है। हालांकि 45 लाख रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी डील, गिफ्ट डीड और जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट में PAN देना अनिवार्य रहेगा। इसके अलावा सालभर में 10 लाख रुपये से ज्यादा नकद निकासी की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
सोलर सेक्टर में लागू होंगे नए नियम:-
1 जून से सब्सिडी और नेट मीटरिंग आधारित नए सोलर प्रोजेक्ट्स में केवल ALMM सूची में शामिल सोलर मॉड्यूल का उपयोग किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि इस नियम में अतिरिक्त छूट नहीं दी जाएगी। इससे शुरुआती स्तर पर लागत थोड़ी बढ़ सकती है, लेकिन इसका उद्देश्य बेहतर गुणवत्ता और घरेलू निर्माण को बढ़ावा देना है।