पुलिस ने पकड़ा गैंगस्टर रोहित गोदारा का भाई, पिस्टल, मैगजीन और कैश की डिलीवरी करने का आरोप

पुलिस ने पकड़ा गैंगस्टर रोहित गोदारा का भाई, पिस्टल, मैगजीन और कैश की डिलीवरी करने का आरोप
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले की जवाहर नगर थाना पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के बड़े भाई हनुमान स्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 18 मार्च को पकड़े गए बदमाश को एक पिस्टल चार मैगजीन सहित, चार अतिरिक्त मैगजीन और 1 लाख रुपए वारदात को अंजाम देने के लिए उपलब्ध कराए थे। एसपी हरीशंकर ने बताया- आरोपी हनुमान स्वामी (42) निवासी कपुरीसर, लूणकरणसर (बीकानेर) को शुक्रवार को पाली से गिरफ्तार किया गया। वह गुजरात की ओर राजस्थान आ रहा था। आरोपी के आने का पुलिस को पहले से इनपुट मिला था और टेक्निकल लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए उसे दबोच लिया गया। 18 मार्च को श्रीकरणपुर थाना पुलिस ने गुरजीत सिंह गिल (23) निवासी गुरुसर (श्रीगंगानगर) को 1 पिस्टल चार मैगजीन सहित और 4 अतिरिक्त मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान जवाहर नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह की टीम ने राहुल नागपाल (30) और नवजोत सिंह (23) को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ जांच में खुलासा हुआ कि ये हथियार रोहित गोदारा गैंग के लिए सप्लाई किए गए थे। रोहित गोदारा ने अपने बड़े भाई हनुमान स्वामी से ही गुरजीत सिंह को हथियार और पैसे देने को कहा था।