Vaibhav Sooryavanshi ने रचा दोहरा इतिहास: सिर्फ क्रिस गेल ही नहीं, यशस्वी जायसवाल का महा-रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त

Vaibhav Sooryavanshi ने रचा दोहरा इतिहास: सिर्फ क्रिस गेल ही नहीं, यशस्वी जायसवाल का महा-रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में न्यू चंडीगढ़ के स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने ऐसी पारी खेली, जिसने कई बड़े रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने न सिर्फ यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि अपने साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल का भी बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त कर दिया।
यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड भी टूटा:-
मैच शुरू होने से पहले वैभव सूर्यवंशी को एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए 44 रनों की जरूरत थी। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में यह आंकड़ा पार कर लिया और यशस्वी जायसवाल के IPL 2023 में बनाए गए 626 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह रही कि जिस समय वैभव ने यह उपलब्धि हासिल की, उस वक्त यशस्वी खुद नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूद थे।
एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी:-
- वैभव सूर्यवंशी – 680 रन (15 मैच, 2026)
- यशस्वी जायसवाल – 626 रन (14 मैच, 2023)
- शॉन मार्श – 616 रन (11 मैच, 2008)
- रियान पराग – 573 रन (16 मैच, 2024)
- प्रभसिमरन सिंह – 549 रन (17 मैच, 2025)
टी20 टूर्नामेंट में 60+ छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज:-
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला यहीं नहीं रुका। उन्होंने इस मुकाबले में 12 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके लगाए, जिससे इस सीजन में उनके कुल छक्कों की संख्या 61 पहुंच गई। इसके साथ ही उन्होंने क्रिस गेल के 2012 में बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और किसी एक टी20 टूर्नामेंट में 60 से ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।
रैना के रिकॉर्ड की बराबरी:-
वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर IPL प्लेऑफ इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी के मामले में सुरेश रैना की बराबरी कर ली। हालांकि वह अपने शतक से महज 3 रन दूर रह गए और 29 गेंदों में 97 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने IPL इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर 243/8 खड़ा कर दिया।
इसके अलावा, वैभव सूर्यवंशी दुनिया के पहले ऐसे टीनेजर (Teenager) भी बन गए हैं जिसने किसी टी20 टूर्नामेंट में 600 से ज्यादा रन बनाए हैं।