NEET UG 2026 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, फीस रिफंड के लिए बढ़ी डेडलाइन

post 435 (1)

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी (NEET UG 2026) को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। पेपर लीक विवाद के बाद अब यह परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पहले ही सीबीआई (CBI) जांच की घोषणा की थी। साथ ही प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा शुल्क वापस करने का निर्णय भी लिया गया था।

फीस रिफंड प्रक्रिया के लिए एनटीए ने 22 मई से अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर रिफंड विंडो शुरू की थी, जिसकी अंतिम तिथि 27 मई तय की गई थी। हालांकि निर्धारित समयसीमा तक देशभर के कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 13 लाख उम्मीदवार ही रिफंड के लिए आवेदन कर सके। छात्रों की सुविधा और तकनीकी परेशानियों को देखते हुए एजेंसी ने अब फीस रिफंड आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है।

कोटा के निजी कोचिंग संस्थान के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा के अनुसार, 27 मई देर रात नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने आधिकारिक पोर्टल पर नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी। नोटिफिकेशन में बताया गया कि NEET UG के लिए आवेदन करने वाले कुल 22.79 लाख अभ्यर्थियों में से सिर्फ 13 लाख छात्रों ने ही रिफंड के लिए बैंक डिटेल्स सबमिट की हैं। ऐसे में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मौका देने के लिए आवेदन की समयसीमा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। अब छात्र 22 जून रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

मिश्रा ने बताया कि उम्मीदवारों को एनटीए की वेबसाइट पर जाकर रिफंड पोर्टल में अपनी बैंक डिटेल्स अपलोड करनी होंगी, जिस खाते में वे फीस वापस प्राप्त करना चाहते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को अकाउंट नंबर, अकाउंट होल्डर का नाम, बैंक का नाम और IFSC कोड जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके अलावा कैंसिल चेक की फोटो अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। हालांकि यह अनिवार्य नहीं है, लेकिन बैंक डिटेल्स में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर वेरिफिकेशन के लिए इसका उपयोग किया जा सकता है।

उम्मीदवारों को एनटीए के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध फीस रिफंड लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद NEET UG एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर आवश्यक बैंक संबंधी जानकारी भरनी होगी।

एनटीए ने अपने नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक डिटेल्स सबमिट करने के बाद उसे अंतिम और मान्य माना जाएगा। इसके बाद जानकारी में किसी प्रकार का संशोधन करने का अवसर नहीं मिलेगा।

रिफंड के लिए जरूरी दस्तावेज:-

  • अकाउंट नंबर (Account Number)
  • अकाउंट होल्डर का नाम (Account Holder’s Name)
  • बैंक का नाम (Bank Name)
  • आईएफएससी कोड (IFSC Code)
  • कैंसिल चेक की फोटो (वैकल्पिक)

कैटेगरी के अनुसार कितनी मिलेगी फीस?

पारिजात मिश्रा के मुताबिक, परीक्षा आवेदन के दौरान जनरल कैटेगरी के छात्रों से 1700 रुपये, ओबीसी (OBC) और ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग के उम्मीदवारों से 1600 रुपये, जबकि एससी (SC), एसटी (ST) और दिव्यांग (PwD) वर्ग के छात्रों से 1000 रुपये फीस ली गई थी। यह पूरी राशि सीधे छात्रों के दिए गए बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी

जानिए फीस रिफंड प्रक्रिया:-

  • एनटीए की वेबसाइट पर फीस रिफंड लिंक पर क्लिक करें।
  • NEET UG एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें।
  • जिस बैंक खाते में रिफंड चाहिए, उसकी डिटेल्स दर्ज करें।
  • कैंसिल चेक की फोटो (ऑप्शनल) अपलोड करें।
  • अकाउंट नंबर, IFSC कोड, बैंक नाम और अकाउंट होल्डर की जानकारी भरकर सबमिट करें।