युवक को लाठी-डंडों से पीटा, जमीन पर पड़ा एजेंट तड़पता रहा

युवक को लाठी-डंडों से पीटा, जमीन पर पड़ा एजेंट तड़पता रहा
सीकर के खाटूश्यामजी में गेस्ट हाउस में भक्तों को कमरा दिलाने पर विवाद हो गया। एमजी गेस्ट हाउस के 7-8 युवकों ने मिलकर एक अन्य गेस्ट हाउस के एजेंट को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हमले के बाद आरोपी युवक को सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार हो गए। घटना मंगलवार रात करीब एक बजे की है। हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक डंडों से पीटते नजर आए हैं। घायल युवक को खाटूश्यामजी अस्पताल ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया। थानाधिकारी पवन चौबे ने बताया कि घायल करण कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। श्रद्धालुओं को कमरा दिलाने के विवाद में यह मारपीट हुई है। पीड़ित के बयान और वीडियो के आधार पर 1-2 युवकों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार- खाटूश्यामजी में होटल और गेस्ट हाउस में भक्तों को ज्यादा से ज्यादा कमरे दिलाने की होड़ लगी रहती है। ऐसे में एजेंट अपने-अपने गेस्ट हाउस में भक्तों को लेकर जाते हैं। ऐसे ही एक मामले में मंगलवार रात मारपीट हो गई। एक एजेंट करण कुमार अपने गेस्ट हाउस में भक्तों को लेकर जा रहा था। रास्ते में एमजी गेस्ट हाउस के करीब 7-8 युवकों ने घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में करण के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोट आईं। वह जमीन पर गिरकर कांपने लगा। इसके बाद भी हमलावर लाठियां मारते रहे। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर युवक भाग गए।