Road Accident: तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 20 श्रद्धालु घायल, एक की मौत

Road Accident: चित्तौड़गढ़, जिले में मंगलवार सुबह एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा भादसोड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुआ। बस में सवार श्रद्धालु श्री सांवलियाजी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु रेलवे स्टेशन से बस में सवार होकर मंदिर की ओर रवाना हुए थे। सुबह करीब 5:30 बजे भादसोड़ा और बागुंड क्षेत्र के बीच हाईवे पर अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी और सामने अचानक वाहन आने पर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे हादसा हो गया।
हादसे की सुचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। कई एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकांश घायलों को भादसोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जिला अस्पताल और उदयपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बस में छोटे बच्चे भी सवार थे। श्रद्धालु सुबह मेवाड़ एक्सप्रेस से उदयपुर पहुंचे थे, जहां से वे सांवलियाजी दर्शन के लिए रवाना हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश यात्री उत्तर प्रदेश और दिल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक घायल श्रद्धालु राजस्थान के बारां जिले का भी बताया गया है।