राजस्थान: फिर आमने-सामने हुए पुलिस और अधिवक्ता, माफी मांगने पर अड़े वकील, महिला अधिकारी का इनकार; जानें पूरा मामला

post 27

राजस्थान: फिर आमने-सामने हुए पुलिस और अधिवक्ता, माफी मांगने पर अड़े वकील, महिला अधिकारी का इनकार; जानें पूरा मामला

Rajasthan News: जोधपुर, जिला अदालत परिसर में शुक्रवार को अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच एक मामूली सड़क हादसे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, परिसर में खड़ी एक अधिवक्ता की कार को महिला पुलिस अधिकारी की गाड़ी ने हल्की टक्कर मार दी, जिससे वाहन को मामूली नुकसान पहुंचा।

माफी को लेकर बढ़ा विवाद:-

हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। अधिवक्ताओं ने महिला पुलिस अधिकारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनसे माफी की मांग की, जबकि महिला अधिकारी ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला पुलिस अधिकारी वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अपर मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट संख्या-8 की अदालत में किसी कार्य से पहुंची थीं।

अदालत परिसर में हंगामा:-

घटना की सूचना फैलते ही अधिवक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई और कुछ समय के लिए अदालत परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश कर शांत कराया। इस दौरान अदालत परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

पहले भी हुआ विवाद:-

गौरतलब है कि दिसंबर माह में भी पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच टकराव का मामला सामने आया था। उस समय थाने में अधिवक्ता से धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार के आरोपों के बाद विरोध प्रदर्शन हुआ था, जिसके चलते संबंधित थानाधिकारी और एक कांस्टेबल को निलंबित किया गया था।

बताया गया कि अधिवक्ता भरत सिंह राठौड़ अपनी पत्नी सहित अन्य अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचे थे, जहां एक मामले में बयान दर्ज किए जा रहे थे। बयान प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज लेने को लेकर विवाद बढ़ गया था, जो बाद में झड़प में बदल गया।