दर्दनाक हादसा: जनगणना ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत; परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

post 408 (1)

नागौर जिले के मेड़ता सिटी क्षेत्र के बासनी सेजा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंचायत शिक्षक की मौत हो गई। गई। शिक्षक जनगणना ड्यूटी पर जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जंहा चिकित्सकों ने उन्हें जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

गोटन थाना पुलिस के अनुसार बासनी सेजा निवासी रामनारायण पुत्र मोहनराम मेघवाल की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके काका के बेटे रामकरण (51) पुत्र लुम्बाराम भाटी टूंकलिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पंचायत शिक्षक (संविदाकर्मी) के पद पर कार्यरत थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी जनगणना प्रगणक के रूप में लगाई गई थी।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे रामकरण मोटरसाइकिल से भीलावास क्षेत्र की ओर ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान गोटन मार्ग पर बोळों की ढाणी के पास उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और वे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान उनके पीछे उनके भाई रामनारायण भी आ रहे थे। रास्ते में उन्होंने रामकरण को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल उन्हें राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोटन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। रामकरण की अचानक मौत से बासनी सेजा गांव में शोक की लहर फैल गई। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गमगीन माहौल में गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित शामिल हुए।