बीकानेर: इस जगह ट्रांसफार्मर से आग, दो गाय, तीन बछड़ों की मौत

9

बीकानेर: इस जगह ट्रांसफार्मर से आग, दो गाय, तीन बछड़ों की मौत

बज्जू क्षेत्र के तेजपुरा गांव में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। इस घटना में दो गाय और तीन बछड़ों की जलकर मौत हो गई। आग से एक घर की बाड़, गायों का कच्चा छपरा और एक झोंपड़ा भी जलकर राख हो गया, जिससे घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइप और पानी के टैंकरों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई। केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम के लिए बॉर्डर क्षेत्र की ओर जा रही एक दमकल को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार मदनसिंह यादव, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन नागपाल और पटवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की, जिसके बाद एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। तहसीलदार मदनसिंह यादव ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल को बुलाया गया था। तेज हवा के कारण आग पर काबू पाने में कठिनाई हुई। उन्होंने पटवारी को मौके का निरीक्षण कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम भी कराया गया है। नियमानुसार राहत और मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन नागपाल ने पुष्टि की कि मृत पशुओं का पोस्टमार्टम हो चुका है। उन्होंने बताया कि यदि पशुपालक ने मुख्यमंत्री मंगला बीमा योजना के तहत बीमा करवाया है, तो बीमा कंपनी की ओर से भी मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

You may have missed